Betul Today News: स्कूलों में आयोजित होगा भविष्य से भेंट कार्यक्रम,17 से 19 जुलाई तक होगी समुदाय की सहभागिता
Betul Today News: Meeting with future program will be organized in schools, community participation will be held from 17 to 19 July
Betul Today News:(बैतूल)। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 17 से 19 जुलाई तक समस्त शासकीय शालाओं में जनसमुदाय की सहभागिता में भविष्य से भेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन के लिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रभावशाली, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में आमंत्रित कर विद्यार्थियों से उनकी भेंट कराई जाएगी।
जिसमें वे विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से अवगत कराते हुए उन्हें बेहतर भविष्य गढऩे के लिए प्रेरित कर सकेंगे। इनके अतिरिक्त अन्य स्थानीय व्यक्ति, युवा, महिलाएं आदि भी प्रेरक बन सकेंगे। इच्छुक व्यक्ति लिंक के माध्यम से 17 से 19 जुलाई के मध्य अपनी सुविधा से किसी एक दिवस का और शाला का चयन कर सकेंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 17 जुलाई को शाजापुर जिले के गुलाना में सीएम राईज विद्यालय में राज्य स्तरीय स्कूल चलें हम अभियान की अगुवाई करेंगे। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दूरदर्शन मध्यप्रदेश, आकाशवाणी एवं अन्य संचार माध्यमों पर प्रात: 11 बजे से किया जाएगा।
जिले की समस्त शासकीय शालाओं में उक्त प्रसारण के देखने, सुनने की व्यवस्था की जाएगी। जिले में भविष्य से भेंट कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को अपर कलेक्टर श्री श्यामेन्द्र जायसवाल द्वारा शिक्षा विभाग सहित अशासकीय संस्थाओं एवं समाजसेवियों की बैठक ली गई।
बैठक में अपर कलेक्टर ने सभी से इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से जुडऩे के लिए विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाडिय़ों, साहित्यकारों, कलाकारों, संस्कृतिधर्मियों, उद्योगपतियों, उन्नत एवं सफल किसानों, व्यवसायियों, मीडिया एवं संचार मित्रों, सैन्य एवं पुलिस अधिकारियों, वरिष्ठ शासकीय अधिकारियों से अपील की जाए।
उक्त कार्यक्रम में शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम दिवस पर समस्त पात्र शालाओं में विशेष भोजन का वितरण भी किया जाएगा। आमंत्रित व्यक्ति इस दौरान विद्यार्थियों को शाला उपयोग की वस्तुएं जैसे-पेन, पेंसिल, मोमकलर, कलर बॉक्स, ज्यामिति बॉक्स, स्टेशनरी एवं खेल कूद आदि सामग्री भी भेंट कर सकते है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के समस्त अधिकारियों को भी इस दौरान किसी एक शाला में जाकर एक पीरियड अध्यापन के लिए आवंटित किया जाएगा।



