Betul Nath Sampradaya Yatra: चक्कर रोड स्थित भैरवगढ़ के हरि मठ भैरव मंदिर से आगामी 01 दिसंबर को बाबा काल भैरव की भव्य पेशवाई यात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक आस्था और नाथ संप्रदाय की परंपराओं से जुड़ी इस यात्रा में हर वर्ष सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। यात्रा में नाथ संप्रदाय के योगी एवं साधु-संत भी शामिल होंगे। बाबा काल भैरव के जयकारों के बीच निकलने वाली यह पेशवाई श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मंदिर के महंत श्री योगी बाबा शिवम नाथ जी ने बताया कि बाबा काल भैरव की पेशवाई यात्रा की शुरुआत लगभग पांच वर्ष पूर्व की गई थी। तब से प्रतिवर्ष इस धार्मिक आयोजन को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। समय के साथ इस यात्रा से भक्तों की संख्या और जुड़ाव भी बढ़ा है। इसका उद्देश्य बाबा काल भैरव के प्रति आस्था प्रकट करने के साथ ही नाथ संप्रदाय की प्राचीन धार्मिक परंपराओं और संस्कृति को जनमानस तक पहुंचाना है।
Betul Nath Sampradaya Yatra: कठिन तप, गुरु परंपरा और साधना से जुड़ा है नाथ संप्रदाय
नाथ संप्रदाय भारतीय योग और साधना की प्राचीन परंपराओं में से एक है। इस संप्रदाय में गुरु को विशेष स्थान दिया जाता है। गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से योग, संयम, अनुशासन, वैराग्य और आध्यात्मिक ज्ञान की शिक्षा दी जाती है। नाथ परंपरा का संबंध भगवान शिव को आदिनाथ मानने की मान्यता से भी जुड़ा है। गुरु गोरखनाथ को इस परंपरा के प्रमुख योगियों में गिना जाता है। नाथ योगियों का जीवन केवल धार्मिक कर्मकांड तक सीमित नहीं होता, बल्कि आत्मसंयम, साधना और आध्यात्मिक उन्नति को इसका महत्वपूर्ण आधार माना जाता है।
Betul Nath Sampradaya Yatra: योगी जीवन का दूसरा नाम है साधना, त्याग और तपस्या
सांसरिक भागदौड़ से अलग क्यों युवा अपनाते हैं योगी जीवन? आज भी कई युवा सांसारिक जीवन की भागदौड़ से अलग आध्यात्मिक शांति, आत्मज्ञान और जीवन के उद्देश्य की तलाश में नाथ संप्रदाय की ओर आकर्षित होते हैं। हालांकि योगी बनना केवल वेशभूषा बदलना नहीं है। इसके लिए गुरु की शरण, दीक्षा, अनुशासन और लंबे समय तक साधना की आवश्यकता होती है। संप्रदाय में प्रवेश करने वाला साधक गुरु के मार्गदर्शन में जीवन को संयमित बनाने और आध्यात्मिक साधना के रास्ते पर आगे बढऩे का प्रयास करता है।
Betul Nath Sampradaya Yatra: नाथ संप्रदाय में कान में कुंडल धारण करने की विशेष परंपरा
नाथ संप्रदाय की सबसे विशिष्ट पहचान कानों में कुंडल धारण करने की परंपरा है। दीक्षित नाथ योगियों में कानफटा योगी की परंपरा भी प्रचलित है। नाथ परंपरा में कानों में कुंडल धारण करना गुरु दीक्षा, संप्रदाय की पहचान और साधना के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। यह परंपरा सामान्य आभूषण धारण करने से अलग धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखती है। कुंडल धारण करना भी मामलू बात नहीं है, ये एक ऐसी साधना है जिसमें शरीर को बेइंतहा तकलीफ होती है, लेकिन उस तकलीफ सहते हुए योगी इस पर विजय हासिल करता है और जीवन भर नियमों का पालन करता है।
Betul Nath Sampradaya Yatra: कठिन अनुशासन और त्याग, तपस्या से जुड़ा है जीवन
नाथ संप्रदाय के महंत और योगियों का जीवन त्याग, तपस्या और अनुशासन से जुड़ा होता है। नियमित पूजा-पाठ, योगाभ्यास, ध्यान, गुरु सेवा, संयमित दिनचर्या और आध्यात्मिक साधना उनके जीवन का हिस्सा होते हैं। हालांकि प्रत्येक योगी की साधना और तपस्या का स्वरूप अलग हो सकता है।
महंत का दायित्व केवल स्वयं साधना करना ही नहीं, बल्कि मंदिर की परंपराओं का संरक्षण, शिष्यों का मार्गदर्शन और धार्मिक गतिविधियों का संचालन करना भी होता है। बाबा काल भैरव की पेशवाई यात्रा इसी गुरु परंपरा, साधना और धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है। 30 नवंबर को निकलने वाली यह यात्रा न केवल श्रद्धालुओं को एक साथ जोड़ेगी, बल्कि नाथ संप्रदाय की प्राचीन परंपराओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने का अवसर भी बनेगी।
Betul Nath Sampradaya Yatra: नाथ संप्रदाय के वरिष्ठ साधक होंगे यात्रा में शामिल
मंदिर के महंत श्री योगी बाबा शिवम नाथ जी ने बताया कि भव्य पेशवाई में शंभू जति गुरु गोरक्षनाथ जी की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा और भंडारा का आयोजन भी किया जाएगा। यात्रा में नाथ संप्रदाय के योगी भी सम्मिलित होने जा रहे हैं। नाथ संप्रदाय के नटेश्वरी पंथ के सिद्ध बाबा डॉ रामनाथ जी अघोरी परिवार के सिद्ध बाबा जति नाथ जी पंजाब से और सिद्ध बाबा छोटू नाथ जी हरियाणा से सम्मलित होने बैतूल पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि बाबा महाकाल भैरव जी की यह यात्रा लगभग 5 वर्षों से निरंतर निकाली जा रही है। यह मठ नाथ संप्रदाय का मठ के रूप में स्थापित है जहां नाथ संप्रदाय के साधुओं और योगियों का आना जाना लगा रहता है। इधर यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरणों में है। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
Betul Nath Sampradaya Yatra: नाथ परंपरा क्या है?
नाथ परंपरा (नाथ संप्रदाय) एक प्राचीन भारतीय योग और आध्यात्मिक परंपरा है, जो आत्म-साक्षात्कार, ध्यान और हठयोग के माध्यम से मोक्ष व शिवत्व की अनुभूति पर जोर देती है। इस परंपरा का मूल आधार भगवान शिव और आदिनाथ को माना जाता है, जबकि मत्स्येंद्रनाथ और गोरखनाथ ने इसे व्यवस्थित रूप व व्यापक विस्तार दिया।
> मुख्य उद्देश्य: शरीर और मन को अनुशासित कर आध्यात्मिक जागृति, कुंडलिनी जागरण और जीवन-मुक्ति प्राप्त करना।
> प्रमुख साधना: हठयोग, प्राणायाम, मुद्राएं, ध्यान और मंत्र साधना इस परंपरा के केंद्र में हैं।
> गुरु-शिष्य परंपरा: बिना योग्य गुरु के साधना कठिन मानी जाती है; गुरु शिष्य को साधना की सही दिशा और मंत्र प्रदान करते हैं।
> दो रूप: इसमें संन्यासी/योगी परंपरा के साथ-साथ गृहस्थ नाथ परंपरा भी मौजूद है, और गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर इसका एक प्रमुख केंद्र है।
Betul Nath Sampradaya Yatra: दीक्षा कैसे ली जाती है?
नाथ परंपरा में दीक्षा किसी मान्यता प्राप्त नाथ गुरु द्वारा औपचारिक विधि से दी जाती है। दीक्षा के चरण और स्तर साधक के संकल्प व गुरु की स्वीकृति पर निर्भर करते हैं:-
> प्रारंभिक / मंत्र दीक्षा: गुरु शिष्य को गुरु-मंत्र देते हैं, नाम के साथ ‘नाथ’ जोडऩे की परंपरा रहती है और ऊन का जनेव, पवित्री, रुद्राक्ष व सिंगनाद जैसे प्रतीक प्रदान किए जाते हैं। इस प्रारंभिक स्तर के साधक को औघड़ कहा जाता है।
> पूर्ण संन्यास दीक्षा (दर्शनी/कनफटा): यह सर्वोच्च दीक्षा मानी जाती है। इसमें साधक कान छिदवाकर/चिरवाकर कुंडल (मुद्रा/दर्शन) धारण करता है, जो सांसारिक मोह के त्याग और पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। ऐसे पूर्ण दीक्षित योगी को दर्शनी या कनफटा योगी कहा जाता है।
Betul Nath Sampradaya Yatra: नाथ परंपरा में क्या होता है खास?
> कान के कुंडल और प्रतीक चिह्न: कान में पहने जाने वाले कुंडल, गले में ऊन का जनेव, पवित्री, रुद्राक्ष, भभूत और सिंगनाद नाथ योगियों की विशिष्ट पहचान हैं।
> कठोर अनुशासन और सादगी: संयम, ब्रह्मचर्य, सात्विक जीवन और सांसारिक आसक्ति से दूर रहने पर विशेष बल दिया जाता है।
> भक्ति और योग का संगम: यह परंपरा कर्मकांड से अधिक आंतरिक साधना, निर्गुण तत्व और योगिक अनुभव को महत्व देती है, जिसने भारतीय संत और भक्ति परंपरा को भी गहराई से प्रभावित किया।
- यह भी पढ़ें: Bhairav Jayanti Betul: भैरव जयंती पर बैतूल होगा भैरवमय, पहुंचेगे अघोराचार्य आदेश नाथजी अघोरी महाराज
____________________________
इसी प्रकार की जानकारी और समाचार पाना चाहते हैं तो,हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़े व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए “कृपया यहां क्लिक” करे।
साथ ही हमारे इंस्टाग्राम के जुड़ने के लिए यहां “क्लिक करें“



