Betul Crime: तस्करों ने छुपा कर रखी 42 नग सागौन चरपट बरामद, दक्षिण वन मंडल के दल ने दी दबिश, आरोपी फरार
Betul Crime: Smugglers hid 42 pieces of teak wood, recovered, team of South Forest Division raided, accused absconding

Betul Crime: (बैतूल)। दक्षिण वन मंडल के गश्ती दल ने एक बार फिर सागौन तस्करों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया है। 26 जुलाई की रात वन अमले ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पचमऊ के जंगल में दबिश देकर 42 नग सागौन चरपट कीमत करीब 80 हजार जप्त कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि वनमंडलाधिकारी दक्षिण विजयानन्थम टी.आर. के निर्देशन में गश्ती दल द्वारा लगातार सागौन तस्करों की धरपकड़ की जा रही है। वनों के संरक्षण के लिए विभाग द्वारा मुखबिर तंत्र भी मजबूत कर दिया गया है ताकि वन।अपराधों पर अंकुश लग सके।
कार्या. वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल से मिली जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को रात्रि में दक्षिण बैतूल वनमंडल अंतर्गत आठनेर परिक्षेत्र में मुखबीर द्वारा सागौन चरपट की अवैध तस्करी की सूचना के आधार पर वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल विजयानन्थम टी.आर. (भा.व.से.) तथा उपवनमंडलाधिकारी आशीष बंसोड, (रा.व.से.) के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी, आठनेर अतुल भोयर द्वारा टीम का गठन किया गया।

टीम द्वारा सालबर्डी से बोरपेण्ड मार्ग पर गश्ती के दौरान ग्राम पचमऊ के नजदीक पुलिया के नीचे पाइप में सागौन चरपटों को छुपाकर रखा हुआ पाया गया, मौका स्थल पर आस-पास अज्ञात आरोपियों की तलाशी की गई, किन्तु कोई नहीं मिला। इसके बाद मौका स्थल से वन अमले ने 42 नग सागौन चरपट 1.327 घ.मी. जप्ती की कार्यवाही की। जप्त काष्ठ का अनुमानित मूल्य 78 हजार 948 आंका गया।
मध्यप्रदेश व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत वन अपराध प्रकरण 939 / 76 दिनांक 27/07/2023 पंजीबद्ध किया गया, अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। जप्ती करने वाली टीम में परिक्षेत्र अधिकारी, आठनेर अतुल भोयर (रा.व.से.), गणेश धंडारे, परिक्षेत्र सहायक सालबर्डी, कामूलाल इवने, वनरक्षक बोरपेण्ड, दीनदयाल खोजी (प्रशिक्षु) बीट सहायक वनरक्षक कोंढर, अजीत कौरव, वनरक्षक उत्तर झुनकारी तथा कमल कसारे वनरक्षक सालबर्डी का विशेष योगदान रहा।



