Betul News : मोटरसाइकिल से आधी रात में सागौन की तस्करी कर रहा था माफिया
Betul News: Mafia was smuggling teak in the middle of the night by motorcycle
रात्रि 2:30 बजे गश्ती दल को देखकर मोटरसाइकिल और चरपट छोड़कर फरार हुआ माफिया

Betul News : (बैतूल)। शनिवार रविवार की दरमियानी रात लगभग 2:30 बजे दक्षिण वन मंडल के अंतर्गत आने वाले पटादा से धामनगांव मार्ग पर माफिया मोटरसाइकिल से सागौन की तस्करी कर रहा था। इस दौरान दक्षिण वन मंडल के गश्ती दल को देखकर माफिया मोटरसाइकिल सहित सागौन चरपट छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि डीएफओ के निर्देश पर वन अमला जंगलों में 24 घंटे सतत निगरानी रखे हुए हैं। वन विभाग की सतर्कता को देखते हुए माफिया ने भी तस्करी करने का तरीका बदल दिया है। लेकिन सतत गश्त के चलते माफिया तस्करी करने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया तस्कर
वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल विजयानन्तम टी.आर. (भा.व.से.) के मार्गदर्शन में एवं परिक्षेत्र अधिकारी सावलमेंढा (सा.) एम. एस. परते के निर्देशन में अधिनस्थ कर्मचारियों का गश्ती दल गठित कर रात्रि 10 बजे पटादा से धामनगांव मार्ग पर सतत् गश्ती करने एवं गाड़ीदान मार्ग में छुपकर बैठने के दौरान रात्रि लगभग 2 से 2:30 बजे के मध्य कच्चे रास्ते पर मोटर सायकल का उजाला दिखाई दिया। अपराधी को विभाग का वाहन दिख गया, जिससे वह मोटर सायकल में बंधी लकड़ी सहित छोड़कर अंधेरे में भाग गए।
फरार आरोपी की तलाश जारी
मौके से मोटरसायकल एवं 02 नग चरपट = 0.027 घ.मी. जप्त कर सूची बद्ध किया गया। जप्त वनोपज की अनुमानित कीमत 810 रुपये आंकी गई। मौके पर पंचनामा, जप्तीनामा तैयार कर मध्यप्रदेश वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 468 / 53 दिनांक 27 अगस्त 2023 पंजीबद्ध किया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है। जप्ती करने वाली टीम में परिक्षेत्र अधिकारी सावलमेंढा (सा.) एम. एस. परते, राजराम खाड़े व.पा., विरेन्द्र सोलंकी एवं सुंदरलाल उइके क्लिनर, ओमकार उइके सुरक्षा श्रमिक, रविन्द्र पाटनकर वाहन चालक का विशेष योगदान रहा।



