Betul Samachar : दिवंगत पुत्र की स्मृति में मां ने जरूरतमंदों को करवाया भोजन
Betul Samachar: In the memory of the late son, the mother provided food to the needy
बैतूल सेवा समिति द्वारा संचालित भोजन शाला में किया सेवा कार्य

Betul Samachar : (बैतूल)। अपने दिवंगत पुत्र शिक्षक स्व.मुकुल धनेश्वर की स्मृति में मंगलवार को उनकी माता शिक्षिका श्रीमती मंगला धनेश्वर ने बैतूल सेवा समिति द्वारा संचालित भोजन शाला में सेवा कार्य के तहत जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया।
श्रीमती मंगला धनेश्वर द्वारा जिला चिकित्सालय में मरीजों एवं उनके परिवारजन को जीवन पर्यन्त भोजन कराने की व्यवस्था पर कहा कि भूखे को भोजन कराने से बड़ा कार्य कोई नहीं हो सकता है। श्रीमती धनेश्वर ने कहा कि सेवा ही हमारा उद्देश्य है जिसे हम निरंतर जारी रखेंगे। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी धनेश्वर परिवार द्वारा भोजन शाला में भोजन वितरण किया गया था।
इसके पूर्व कोरोना काल के दौरान भोजन के पैकेट वितरित किए गए थे। शासकीय बालक प्राथमिक शाला मरामझिरी स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक सुभाष सिंह ठाकुर ने कहा जरूरतमंदों की सेवा करने से बढ़कर कोई धर्म नहीं, गोस्वामी तुलसीदास की चौपाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “परहित सरिस धरम नहीं भाई, पर पीड़ा सम नहीं अधमाई” इस चौपाई में मानवता की सेवा का पूरा सार समाहित है।
सुभाष सिंह ठाकुर ने शिक्षिका श्रीमती मंगला धनेश्वर के पुण्य कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि श्रीमती मंगला धनेश्वर ने अपने पुत्र की स्मृति में यह पुण्य कार्य किया है, जो बेहद प्रशंसनीय है। इस अवसर पर अमोल देशकर, पटवारी लीना देशकर, राम नारायण शुक्ला, सुभाष सिंह ठाकुर तथा समस्त धनेश्वर परिवार एवं स्व.मुकुल धनेश्वर के मित्रगण उपस्थित रहे।



