Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: टीएंडसीपी और रेरा को समझ रहे ‘ऐरा-गेरा’
Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: 'Aira-Gera' are understanding T&CP and RERA
Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: जिला मुख्यालय के नजदीक गौठाना क्षेत्र के अंदरूनी इलाके में काटी गई अवैध ‘गणेश विहार कॉलोनी‘ में भू-माफियाओं द्वारा सर्वोच्च विनियामक संस्थाओं के नियमों को ठेंगा दिखाकर टीएंडसीपी और रेरा को ऐरा-गेरा समझने का एक बेहद गंभीर और दुस्साहसी रवैया सामने आया है। हमारे समाचार पत्र ‘यथार्थ योद्धा’ द्वारा पिछले अंक में इस महाठगी का सचित्र पर्दाफाश किए जाने के बाद भी जिम्मेदार कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं और भू-माफिया शासन-प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं।

Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: हाई-टेंशन टावर के नीचे मौत का सौदा, टीएंडसीपी कर्मचारी का बड़ा खुलासा
इस अवैध टाउनशिप की सबसे भयावह स्थिति यह है कि कॉलोनी के बचे हुए हिस्से सीधे महाकाय हाई-टेंशन ट्रांसमिशन लाइन और बिजली टावर के ठीक नीचे स्थित हैं। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के सुरक्षा नियमों को ठेंगा दिखाकर इन जानलेवा प्लॉट्स को भी ऊंचे दामों पर खपाने का पूरा जाल बुना जा चुका है। इस गंभीर विषय पर जब नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के ही एक जिम्मेदार कर्मचारी से अनौपचारिक चर्चा की गई तो उन्होंने एक बड़ा कानूनी खुलासा किया।
- यह भी पढ़ें : Betul Congress News: जिला कांग्रेस में वन मैन शो
कर्मचारी के मुताबिक, “हाई-टेंशन ट्रांसमिशन लाइन और टावर के नीचे या उसके निर्धारित सुरक्षा दायरे में किसी भी प्रकार की आवासीय कॉलोनी या निर्माण की अनुमति देना कानूनन पूरी तरह असंभव और प्रतिबंधित है।” ऐसे में बिना किसी अनुमति के मौत के साए में हो रही यह प्लॉटिंग सीधे तौर पर मासूम खरीदारों की जिंदगी के साथ जानबूझकर किया जा रहा खिलवाड़ है।
Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: प्रमोटर्स और पार्टनर्स के चेहरों से हटा नकाब
हमारी दस्तावेजी पड़ताल में इस ठगी साम्राज्य के मुख्य प्रमोटर्स और पार्टनर्स के रूप में गणेश नवघरे, दिलीप लोनारे, और राकेश नवघरे जैसे नाम सामने आए हैं। इन रसूखदारों ने जमीन का डायवर्जन तो करवा लिया, लेकिन टीएंडसीपी का ले-आउट अप्रूवल और मध्य प्रदेश रेरा का अनिवार्य पंजीकरण नंबर लेने की जहमत तक नहीं उठाई।

Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: जिम्मेदार टीएंडसीपी अधिकारी ने साधी चुप्पी, झाड़ लिया पल्ला
इस पूरे गंभीर विषय को लेकर जब टीएंडसीपी विभाग बैतूल के अधिकारी विनोद परस्ते से सीधे बात की गई, तो उनका कहना था कि, “एक बार मैं विभाग में पूछ लूं, उसके बाद बताता हूं।” लेकिन इस बातचीत के बाद अधिकारी महोदय ने पूरी तरह चुप्पी साध ली और समाचार पत्र की टीम के कॉल और मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया, जो विभाग के मूक संरक्षण की ओर इशारा करता है।
Ganesh Vihar Illegal Colony Gouthana: दिखावे मात्र की सुविधा
करोड़ों रुपये के भूखंड बेचने वाले इन प्रमोटर्स ने खरीदारों को पक्की सड़क, बिजली और पानी जैसी कोई बुनियादी सुविधा नहीं दी है। मौके पर सिर्फ दिखावे के लिए सीमेंट के ब्लॉक खड़े करके नाम चारे की बेहद कमचलाऊ नालियां बना दी गई हैं ताकि नए ग्राहकों की आंखों में धूल झोंकी जा सके।

विशेषज्ञों की माने तो बिना रेरा नंबर और बिना टीएंडसीपी पास कराए लगभग 85 प्लॉट्स का यह मायाजाल RERA एक्ट की धारा 3 व 59 और BNS की धारा 318 (धोखाधड़ी) के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें सीधे 3 साल की कैद और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
- यह भी पढ़ें : Ganesh Vihar illegal colony Betul: लोगों से ठगी का श्री गणेश, गौठाना में बिना RERA और T&CP के कट गई कॉलोनी
____________________________
इसी प्रकार की जानकारी और समाचार पाना चाहते हैं तो,हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़े व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए “कृपया यहां क्लिक” करे।
साथ ही हमारे इंस्टाग्राम के जुड़ने के लिए यहां “क्लिक करें“



