Chhindwara News : कथा स्थल पर सेवादार, सेवा में रहेंगे मुस्तैद
-जिम्मेदारियों से कराया गया अवगत
छिन्दवाड़ा : जिला मुख्यालय से 18 किमी दूर नागपुर-छिन्दवाड़ा नेशनल हाईवे पर स्थित सिद्ध सिमरिया श्री हनुमान जी धाम में 5 से 7 अगस्त तक बागेश्वर धाम के प्रधान पंडित धीरेन्द्र शास्त्री दिव्य कथा का वाचन करेंगे। आयोजित कथा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व सांसद नकुलनाथ भी उपस्थित होंगे। आज कथा स्थल पर सेवादारों की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें व्यवस्थाओं को बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई साथ ही सेवादारों के कार्यों का विभाजन कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये गये जिनका पालन उन्हें कथा के दौरान व्यवस्था बनाने हेतु करना होगा।सिद्ध सिमरिया धाम में आयोजित होने वाली दिव्य कथा के प्रथम दिवस 4 अगस्त को भव्य कलश यात्रा निकाली जावेगी। दिनांक 5 अगस्त से 7 अगस्त तक कथा का वाचन किया जावेगा। सांय 4 बजे से पंडित धीरेन्द्र शास्त्री कथा का वाचन करेंगे, इस दौरान वाहनों की पार्किंग स्थल से लेकर कथा स्थल तक जगह-जगह व्यवस्थाओं को बनाने का जिम्मा सेवादारों का होगा। सेवादारों की जिस विभाग व जिस स्थान पर सेवा देना तय किया गया है वह उसी स्थान पर अपने सेवायें देगा साथ ही अव्यवस्थायें ना बनें इसका भी विशेष ध्यान उसे देना होगा। आयोजन समिति द्वारा आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि सेवादारों की जिम्मेदारी है कि वे पूर्ण निष्ठा के साथ अपने-अपने निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहकर व्यवस्थायें बनायें।
कमलनाथ व नकुलनाथ भी कथा में होंगे सम्मिलित:-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व सांसद नकुलनाथ भी आयोजित दिव्य कथा में सम्मिलित होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व सांसद नकुलनाथ 5 अगस्त को कथा स्थल पर उपस्थित होंगे। सांसद नकुलनाथ 6 एवं 7 अगस्त को भी दिव्य कथा में सम्मिलित होंगे।



