Betul News : हिंदू सेना ने पुलिस की मदद से सूने मकान से गोवंश कराए मुक्त
Betul News: Hindu Army freed cattle from deserted house with the help of police
Betul News : बीती रात हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने बैतूल के सदर इलाके में एक सूने मकान से 5 गोवंश पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किए हैं। आरोप है कि गोवंश कत्लखाने ले जाए जाने के लिए वहां बांधे गए थे। उन्हें गोशाला भेज दिया गया है। इस मौके पर कोतवाली पुलिस भी मौजूद थी।
संगठन के युवा प्रकोष्ठ ज़िला अध्यक्ष अनुज राठोर ने बताया कि संगठन के प्रखंड अध्यक्ष स्वप्निल पंवार को सूचना मिली थी कि सदर बैल बाजार में स्थित एक सूने मकान में गोवंश को बांध रखा गया है। जिसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को देकर पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
जहां जांच करने पर सूने मकान में पांच गोवंश बंधे हुए थे। जिन्हें पुलिस की मदद से मुक्त करवाया गया। संगठन के प्रखंड अध्यक्ष संदीप मालवीय ने बताया कि जिस मकान से गोवंश मुक्त कराए गए यह मकान राजू विश्वकर्मा का है।
जिस पर पहले भी बैतूल जिले के कई थानों में गोवंश तस्करी के मामले दर्ज है। पूर्व में इसी सुने मकान पर 3 बार कोतवाली पुलिस के साथ सहयोग कर छापा मार कार्रवाई की गई थी। जिसमें इस मकान से 35 गोवंश को मुक्त करवाया गया था। इस मामले में गोवंश अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज किया गया था। राजू विश्वकर्मा पर कोतवाली थाने में गत वर्ष भी गोवंश तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। जिसमें वह पांचवें नंबर का आरोपी था।
इधर रात को मुक्त कराए गए गोवंश को पुलिस की निगरानी में भयावाडी मां ताप्ती गोशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया है।



