Chhindwara News : सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ का अनिश्चित कालीन कलमबंद आन्दोलन जारी
Chhindwara News : Indefinite Kalamband movement of Cooperative Society Employees Federation continues
Chhindwara News : संयुक्त सहकारी समिति महासंघ भोपाल के तत्वाधान में छिंदवाड़ा को- ऑपरेटिव सोसायटी कर्मचारी संघ ने हड़ताल पर चला गया है। इससे पूरे जिले में खाद वितरण और राशन की दुकानों पर ताले पड़ गए है। तीन से शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान नाराज सहकारी कर्मचारियों ने धरना प्रारंभ कर दिया है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है की उनकी मांगे जल्द नहीं मानी गई तो वे भोपाल पहुंचकर जंगी प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों की हड़ताल का यह दूसरा दिन है। आज दूसरे दिन भी जिले की सहकारी समिति शासकीय उचित मूल्य की दुकानें बंद रही। जिसमें जिला मुख्यालय पर लगभग जिले के सभी कर्मचारी अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल पर है।
मांगें पूरी नही तो जारी रहेगा आंदोलन
संघ के प्रवक्ता ने बताया कि हमारी शासन से प्रमुख मांगे है कि शासकीय कर्मचारियों की भांति सहकारी समिति कर्मचारियों का भी सेवा नियम एवं उनके समतुल्य वेतनमान निर्धारण किया जाए। साथ ही जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में होने वाली 60 प्रतिशत पदोन्नति भर्ती में संस्था के कर्मचारियों में से ही की जाए।, जिसके लिए निर्धारित भर्ती नियमों में शिथिलता प्रदान करते हुए भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जाए। वर्तमान में खरीफ फसल बीमा का कार्य किया जा रहा है। जिसका समितियों को वर्ष 2016 से बीमा प्रीमियम एकत्रीकरण का 4 प्रतिशत कमीशन देने का प्रावधान है, जिसे तत्काल दिया जायें। उपरोक्त मांगें पूरी नही होती है तो संघ के नेतृत्व में आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। साथ ही महासंघ के आव्हान पर भोपाल में समूचे मध्यप्रदेश के कर्मचारी पहुंचेंगे, जहां एक विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा।



