Jal Jeevan Mission : जल जीवन मिशन के निर्माण कार्यों में हो रहा जमकर भ्रष्टाचार
Jal Jeevan Mission: Fierce corruption in the construction works of Jal Jeevan Mission
भैंसदेही की कौड़ी और कौडिय़ा ग्राम पंचायत में ठेकेदार कर रहा मनमानी (Jal Jeevan Mission)
Jal Jeevan Mission : बैतूल। सरकार द्वारा चलाई जा रही हर घर नल का जल योजना को बैतूल जिले के ग्रामीण अंचलों में जमकर पलीता लगाया जा रहा है। इसका एक नूमन भैंसदेही ब्लॉक की ग्राम पंचायत कौड़ी और कौडिय़ा में देखने को मिल सकता है। कौड़ी और कौडिय़ा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने एसडीएम भैसंदेही, मुख्य कार्यपालन यंत्री जनपद पंचायत भैंसदेही को एक शिकायती आवेदन देकर जल जीवन मिशन के कार्यों में हो रही लापरवाही पर रोक लगाने एवं घटिया निर्माण कार्य को ठीक ढंग से करवाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता रंगीलाल मेश्राम एवं ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत कौड़ी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ठेकेदार के द्वारा घटिया निर्माण कार्य किया जा रहा है। घर-घर पानी पहुंचाने के लिए जो नल लगाए जा रहे हैं उसके स्टैंड बिना लोहा लगाए ही बना दिए गए हैं, जिससे वे टूट-फूटकर बिखर रहे हैं, यह स्थिति कौड़ी और कौडिय़ा दोनों ग्राम पंचायतों में देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा कौडिय़ा में जो रोड का निर्माण किया जा रहा है उसे भी जगह-जगह से खोद दिया गया है, समतल तक नही किया जा रहा है। जब ठेकेदार से बात की शिकायत की जाती है तो ठेकेदार कहता है कि तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते जो करना है कर लो। क्षेत्र के भोले भाले ग्रामीण अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप की आस लगाए बैठे हैं। ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण करके जमकर कमीशनखोरीकी जा रही है। ग्रामीणों ने घटिया कार्य शीघ्र रुकवाकर काम का सुपरविजन करवाकर उसे गुणवत्तापूर्वक करवाने की मांग की है।



