Betul News: अस्थाई कर्मचारियों को संविदा में विलय करने की मांग, अस्थाई कर्मचारियों को शासन द्वारा बाहर का रास्ता दिखाने पर जताया आक्रोश
Betul News: Demand to merge temporary employees in contract, expressed anger over temporary employees being shown way out by the government
कोविड- 19 स्वास्थ्य संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Betul News:(बैतूल)। कोविड- 19 स्वास्थ्य संगठन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कोरोना महामारी के दौरान अस्थाई रुप से काम करने वाले कर्मचारियों को संविदा में विलय करने की मांग की है। मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन में संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज वरवड़े ने बताया कि अस्थाई कर्मचारियों से महामारी के समय स्वास्थ्य विभाग ने काम कराया।
इस दौरान उन्होंने अपनी जान पर खेलकर मरीजों का इलाज किया, लेकिन दो साल काम कराने के बाद उन्हें हटा दिया गया है। संगठन ने बताया कि शासन द्वारा आठ हजार अस्थाई मानव संसाधन के तहत स्वास्थ्य कर्मचारियों को 25 मार्च 2020 को कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए भर्ती किया गया था।
कोई भी अस्थाई भर्ती दो या तीन माह के लिए होती है, लेकिन हम सभी कर्मचारी दो साल से कार्यरत रहे। इनमें से हमारे कुछ साथियों को तो बिना सूचना के ही नौकरी से निकल दिया गया है। हम लोगों ने अपना स्वरोजगार छोड़कर देशहित और मानव सेवा करने के लिए शासन के आह्वान पर कोरोना काल में अपनी सेवाएं दी। कोरोना काल में हम लोगों ने अपने कई साथियों को खोया है।
हमारी मांग है कि वर्तमान में जो कार्यरत कर्मचारी हैं साथ ही जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है, उनको फिर भर्ती करते हुए संविदा विलय कराया जाए। कोविड- 19 स्वास्थ्य संगठन कर्मचारियों ने बताया कि जिस वक्त कोविड- 19 भयावह रुप ले रहे था। उस दौरान स्थाई चिकित्सक छुट्टी लेकर घर पर थे लेकिन अस्थाई कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य कर रहे थे। लेकिन अब अस्थाई कर्मचारियों को शासन द्वारा बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है।
संगठन ने मांग की है कि कोविड- 19 महामारी रोकथाम के लिए नियुक्त किये गये समस्त अस्थायी कर्मचारियों, जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है उन्हें पुनः वापस करते हुए सभी अस्थायी कर्मचारियों को संविदा में विलय किया जाए। ज्ञापन देने वालों में आयुष मेडीकल ऑफीसर, डेंटिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, सपोर्ट स्टॉफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा।



