Betul News: जयस 11 अगस्त को जिला मुख्यालय पर निकालेगा विशाल महारैली,जयस की जिला स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं ने लिया निर्णय
Betul News: Jayas will take out a huge rally at the district headquarters on August 11, the workers took the decision in the district level meeting of Jayas

Betul News:(बैतूल)। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णुसिंह गोंड स्थापना दिवस मनाने को लेकर रविवार को जयस की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 11 अगस्त को सरदार विष्णुसिंह गोंड स्थापना दिवस पर विशाल महारैली निकालने को लेकर सर्वसम्मति से सहमति जताई गई।
उल्लेखनीय है कि कोठी बाजार बस स्टैंड का नाम सरदार विष्णु सिंह गोंड रखे जाने के बाद जयस संगठन द्वारा यहां सरदार विष्णु सिंह की प्रतिमा की स्थापना की गई थी। इस दिन को जयस संगठन द्वारा स्थापना दिवस के रूप में मनाते हुए विशाल रैली निकाली जाएगी रैली में लगभग 50 हजार आदिवासी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बैठक में जयस जिला अध्यक्ष संदीप कुमार धुर्वे, जयस जिला प्रभारी महेश शाह उइके, जयस जिला सचिव राजकुमार काकोड़िया, दिलीप पंदराम, जयस नगर अध्यक्ष राजू उइके, आईटी सेल प्रभारी रामदीन इवने, सौरभ सलामे, प्रकाश उइके, संजू धुर्वे, ब्रजेश परते, प्रकाश मर्सकोले, सोनू कवड़े आदि मौजूद थे।
गौरतलब है कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के वनवासी सेनानी सरदार विष्णु सिंह गोंड एक ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने सतपुड़ा के घने जंगलों में बसी जनजातियों को एक सूत्र में बाँधकर न सिर्फ स्वतंत्रता की लड़ाई के लिए प्रेरित किया बल्कि ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष का नया इतिहास भी रच डाला।
जंगल सत्याग्रह आंदोलन में सरदार गंजन सिंह की गिरफ्तारी के बाद सरदार विष्णुसिंह ही एकमात्र ऐसे वनवासी सेनानी थे जिन्होंने सतपुड़ा के जनजातीय अंचलों में स्वतंत्रता की मशाल को जलाए रखा। जंगल सत्याग्रह से लेकर स्वतंत्रता के अंतिम आंदोलन भारत छोड़ो आंदोलन तक वे जनजातियों के शक्तिपुंज थे।



