Betul News: साहब….शराब पीकर परेशान करता है पटवारी, युवती ने जनसुनवाई में की शिकायत, जमीन पर कब्जा करने का आरोप
Betul News: Patwari harasses after drinking alcohol, girl complains in public hearing, alleging possession of land
Betul News: (बैतूल)। भैंसदेही तहसील अंतर्गत आने वाले पटवारी हल्का ग्राम चिमईपुर के पटवारी राजकुमार उइके के खिलाफ ग्राम पालंगा निवासी एक युवती ने शराब पीकर परेशान करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता राधा इवने पिता रामप्रसाद इवने ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर ग्राम पंचायत मोहटा अंतर्गत आने वाले ग्राम हिरनकुडी निवासी नरेश इरपाचे पिता मांगीलाल इरपाचे, रामा सलामे पिता रामसा सलामे द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है।
पटवारी राजकुमार उइके और ग्राम सरपंच द्वारा मिलीभगत कर उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश की जा रही है। इस मामले की शिकायत करने पर पटवारी द्वारा उन्हें बार-बार फोन कर परेशान किया जाता है। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि पटवारी द्वारा उन्हें फोन कर रूम पर अकेले आने के लिए कहा जाता है। पटवारी की हरकत से उन्होंने कॉलेज जाना भी बंद कर दिया है।
शिकायतकर्ता राधा के अनुसार गत वर्ष अनावेदक नरेश इरपाचे का मकान बारिश में गिर गया था, तब उन्होंने आवेदक राधा से मदद के तौर पर उनकी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहने की अनुमति मांगी थी। शिकायतकर्ता राधा द्वारा अनावेदक पर दया कर उसे झोपड़ी बनाकर अस्थाई रूप से रहने की अनुमति दे दी गई, लेकिन बाद में जब आवेदिका राधा द्वारा जमीन से कब्जा हटाने के लिए कहा गया तो अनावेदक नरेश ने कब्जा हटाने के लिए साफ इंकार कर दिया।
राजीनामा के बाद भी मुकर रहा अनावेदक
जब आवेदिका ने इसकी शिकायत दामजीपुरा पुलिस चौकी में की तो अनावेदक नरेश ने 3 माह बाद जगह खाली करने का आश्वासन दिया, लेकिन 1 साल से अधिक समय बीतने के बाद भी अनावेदक द्वारा जमीन से कब्जा नहीं हटाया जा रहा है। शिकायतकर्ता राधा का कहना है कि दामजीपुरा चौकी में शिकायत करने के बाद अनावेदक नरेश ने 3 माह की अवधि देकर राजीनामा किया था।
राजीनामा पर साक्षी गण अनिल इवने, दलपत इवने, मिजन, श्यामलाल के द्वारा हस्ताक्षर किये है। इसके बाद भी अनावेदक कब्जा नहीं हटा रहा है। आवेदिका के दादा भूरा के स्वामित्व की कृषि भूमि मौजा चिमईपुर पहनं-4 तह.भैसदेही जिला बैतूल स्थित खनं 138 / 8 राजस्व अभिलेख में दर्ज भूमि पर अवैध रूप से मकान निर्माण करने की शिकायत की गई है।



