Betul Samachar : पत्नी प्रताड़ित पति ने परिवार परामर्श केंद्र में की शिकायत, बिना वजह विवाद कर जेल भेजने की धमकी देने के लगाए आरोप
Betul Samachar : Wife harassed husband complained in family counseling center, accused of threatening to send him to jail by arguing without any reason
Betul Samachar : (बैतूल)। देश में महिलाओं के पक्ष में तमाम कानून बने हैं, इसका कहीं ना कहीं समाज में विपरीत प्रभाव अक्सर देखने में आ रहा है। अधिकतर मामलों में महिलाओं के लिए बनाए गए कानून का दुरुपयोग करते हुए पुरुषों को प्रताड़ित किया जा रहा है। हाल ही में जिला मुख्यालय के इंदिरा कॉलोनी सदर से एक मामला सामने आया है जहां एक महिला द्वारा अपने पति को कानूनी कार्यवाही की धमकियां देकर इस तरह प्रताड़ित कर दिया है कि उसने अब परिवार परामर्श केंद्र से मदद की गुहार लगाई है।
शहर के पटेल वार्ड निवासी संजय वामनकर पिता रामकिशोर वामनकर ने इंदिरा कालोनी निवासी अनावेदिका पत्नी ज्योति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए परिवार परामर्श केंद्र में समझाइश देने के लिए आवेदन सौंपा है। आवेदक ने बताया कि हिंदू रीति रिवाज अनुसार उनका विवाह 25 जून 2020 को अनावेदिका ज्योति के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद से ही उनकी पत्नी परिवार से अलग रहने का दबाव बनाती थी, पत्नी की जिद के कारण वह परिवार से अलग भी रहने लगे। इसके बावजूद पत्नी की हरकतों में कोई परिवर्तन नहीं आया।
आवेदक संजय वामनकर ने बताया कि वर्तमान में उनकी पत्नी ज्योति मायके में रहते हुए भी झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। आवेदक का कहना है कि उनकी पत्नी की इस हरकत के कारण पूरा परिवार अस्त व्यस्त हो गया। माँ बीमार रहती है, नागपुर में उनका इलाज चल रहा है। पत्नी ज्योति को काफी समझाया लेकिन वह नहीं मानी, विवाद को टालने के लिए उन्होंने किराये का मकान लेकर वहां पत्नी के साथ शांतिपूर्वक रहने का प्रयास किया। इसके बावजूद समस्या का कोई हल नहीं निकला।
पत्नी किसी ना किसी बात को लेकर उनसे विवाद करते रहती है। परिवार में मां, बहन, भाई के साथ भी अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर विवाद करती है। आवेदक का कहना है कि उनकी पत्नी की विवादित कार्यप्रणाली के चलते भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना की संभावना है। इस गंभीर समस्या का निराकरण के लिए उन्होंने परिवार परामर्श केंद्र से मदद की गुहार लगाई है



