Betul Samachar : अस्थाई कोविड-19 कर्मचारियों ने की संविदा संवर्ग में संविलियन की मांग
Betul Samachar: Temporary Kovid-19 employees demand merger in contract cadre
कोविड- 19 स्वास्थ्य संगठन के बैनर तले मुख्यमंत्री के नाम पूर्व सांसद को सौंपा ज्ञापन
Betul Samachar : (बैतूल)। कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए नियुक्त अस्थाई कर्मचारियों ने संविदा संवर्ग में संविलियन के लिए कोविड- 19 स्वास्थ्य संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश रघुवंशी, संभाग अध्यक्ष डॉक्टर शैलेंद्र सोनी के नेतृत्व में पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि कोविड के दौरान उन्होंने पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य किया हैं। जान जोखिम में डालकर कर कोरोना पॉजिटिव व कोरोना संदिग्ध मरीजों की देखभाल की फिर भी सरकार हमारे साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हम लोगों ने कोविड से लोगों की रक्षा के लिए परिवार से दूर रहकर काम किया। अपनी जान जोखिम में डाली। लेकिन शासन ने कर्मचारियों के प्रति अपेक्षित रवैया अपनाया, जिससे सभी कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने सम्मान के रूप में अस्थाई चिकित्सक दल को संविदा संवर्ग में संविलियन कराने की मांग रखी है।
संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज वरवड़े ने बताया कि अस्थाई कर्मचारियों से महामारी के समय स्वास्थ्य विभाग ने काम कराया। इस दौरान उन्होंने अपनी जान पर खेलकर मरीजों का इलाज किया, लेकिन दो साल काम कराने के बाद उन्हें हटा दिया गया है।
संगठन ने बताया कि शासन द्वारा आठ हजार अस्थाई मानव संसाधन के तहत स्वास्थ्य कर्मचारियों को 25 मार्च 2020 को कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए भर्ती किया गया था। कोई भी अस्थाई भर्ती दो या तीन माह के लिए होती है, लेकिन हम सभी कर्मचारी दो साल से कार्यरत रहे। इनमें से हमारे कुछ साथियों को तो बिना सूचना के ही नौकरी से निकल दिया गया है।
हम लोगों ने अपना स्वरोजगार छोड़कर देशहित और मानव सेवा करने के लिए शासन के आह्वान पर कोरोना काल में अपनी सेवाएं दी। कोरोना काल में हम लोगों ने अपने कई साथियों को खोया है। हमारी मांग है कि वर्तमान में जो कार्यरत कर्मचारी हैं साथ ही जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है, उनको फिर भर्ती करते हुए संविदा विलय कराया जाए।
अस्थायी कर्मचारियों को संविदा में विलय किया जाए
कोविड- 19 स्वास्थ्य संगठन कर्मचारियों ने बताया कि जिस वक्त कोविड- 19 भयावह रुप ले रहे था। उस दौरान स्थाई चिकित्सक छुट्टी लेकर घर पर थे लेकिन अस्थाई कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य कर रहे थे। लेकिन अब अस्थाई कर्मचारियों को शासन द्वारा बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है।
संगठन ने मांग की है कि कोविड- 19 महामारी रोकथाम के लिए नियुक्त किये गये समस्त अस्थायी कर्मचारियों, जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है उन्हें पुनः वापस करते हुए सभी अस्थायी कर्मचारियों को संविदा में विलय किया जाए। ज्ञापन देने वालों में आयुष मेडीकल ऑफीसर, डेंटिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, सपोर्ट स्टॉफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा।



