Fake Doctor : फर्जी डॉक्टर के इलाज ने निगल ली जिंदगी, गलत दवाई के रिएक्शन से पुत्र की मौत का आरोप
Fake Doctor : Treatment of fake doctor swallowed life, accused of death of son due to reaction of wrong medicine
पिता ने डॉक्टर के खिलाफ कलेक्टर, एसपी से की शिकायत

Fake Doctor : (बैतूल)। भीमपुर ब्लॉक में झोलाछाप डॉक्टर अब यमदूत का कार्य कर रहे हैं। बिना किसी डिग्री के क्लीनिक खोलकर गरीब आदिवासी ग्रामीणों को लूटने में जुटे हैं। दामजीपुरा के एक झोलाछाप डॉक्टर के ईलाज के बाद मासूम मौत की भेंट चढ़ गया। मौत के बाद परिजनों में आक्रोश बढ़ गया। झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर परिजन कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।गलत दवाई के रिएक्शन के चलते मौत होने के आरोप मृतक बालक के पिता द्वारा लगाए जा रहे हैं। इस मामले में सोमवार को कलेक्टर, एसपी से शिकायत की गई है।
शिकायतकर्ता शोभाराम पिता दयाराम बारस्कर जाति कोरकू निवासी बिच्छू टेकडी थाना मोहदा ने शिकायत आवेदन के माध्यम से आरोप लगाया कि दामजीपुरा के डॉक्टर सरफराज और तबरेश खान के इलाज के बाद पुत्र की हालत बिगड़ी और खंडवा में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शिकायतकर्ता पिता शोभाराम ने बताया कि वह काश्तकारी का कार्य करता है।
1 अगस्त को उनके पुत्र किशोरी को पेट दर्द बुखार आने के कारण इलाज कराने के लिए डॉक्टर सरफराज खान के पास दामजीपुरा में ले गया था। डॉक्टर के द्वारा पुत्र का इलाज किया गया, गोली दवाई दी गई। पुत्र का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण फिर दूसरे दिन डॉक्टर के पास पुत्र को दिखाने के लिए गए तो डॉक्टर के द्वारा गोली दवाई बदलकर दूसरी दवाई दी गई, फिर भी आराम न लगने के कारण उन्होंने खण्डवा के अस्पताल में पुत्र को भर्ती करवाया। जहां पर पुत्र का इलाज किया गया। वहां के डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि गलत गोली दवाई देने के कारण रियेक्शन हो गया है।
4 दिन तक खण्डवा में पुत्र भर्ती रहा दिनांक 16 अगस्त को पुत्र की मृत्यु हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुत्र की मृत्यु के बाद उन्होंने डॉक्टर सरफराज खान से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि मेरी रिपोर्ट मत करना जो खर्च लगा है मैं दे दूंगा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के समय जब वे डॉक्टर के पास पैसे मांगने गए तो डॉक्टर ने अमर्यादित शब्दों का उपयोग करते हुए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इस मामले में मृतक के परिजन डॉ सरफराज खान एवं उसके पुत्र तबरेश खान के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग कर रहे हैं।



