छिंदवाड़ा

Chhindwara News : जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी गई 153 आवेदकों की समस्याएं

Chhindwara News : Collector heard problems of 153 applicants in public hearing

Chhindwara News : राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्री मनोज पुष्प के मार्गदर्शन में आज जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 153 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । आज जनसुनवाई में मुख्य रूप से अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, सीमाकंन व बंटवारा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत करने, आवासीय पट्टा प्रदाय करने, अवैध कब्जा हटाने, ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाने, नक्शा शुध्दिकरण कराने, विद्युत कनेक्शन दिलाने, सड़क निर्माण कराने, आर्थिक सहायता दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी ।

अतिरिक्त कलेक्टर श्री बोपचे ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिये भी चिन्हांकित किया । जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्राम धनौरा की श्रीमती प्रेमवती ने पति की आकस्मिक मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता राशि दिलाने, ग्राम मड़काढाना की श्रीमती छिपिया बाई ने अपनी पैतृक जमीन पर कब्जा दिलाने, बिछुआ के श्री सुधाकर ने प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि की राशि दिलाने, सौंसर की श्रीमती रत्ना बाई ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ दिलाने, ग्राम कपुरधा के ग्रामवासियों ने ग्राम कपुरधा से समसवाड़ा तक सड़क निर्माण कराने, चांद नगर के श्री बुध्दिलाल माहोरे व वार्डवासियों ने तालाब के पास अवैध अतिक्रमण हटाने, ग्राम बाबई के श्री भगवानदास साहू ने पोर्टल में समग्र परिवार आईडी बनाने, ग्राम भयाड़ी की श्रीमती संगीता चौकसे ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, गांगीवाड़ा की श्रीमती निर्मला बट्टी ने जमीन का पट्टा दिलाने, ग्राम कन्हरगांव के श्री ललित चौरिया ने दिव्यांग पुत्र का आधार कार्ड बनाने, ग्राम सहपानी के श्री अमित डेहरिया ने मकान क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजा राशि दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के श्री राजकुमार मर्सकोले ने गरीबी रेखा में नाम दर्ज कराने, श्री श्याम सूर्यवंशी ने आयुष्मान कार्ड बनाने, श्री तरूण सनोडिया ने बिजली बिल में सुधार कराने व श्रीमती अनिता यादव ने आर्थिक सहायता दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्री सिध्दार्थ पटेल, एसडीएम श्री सुधीर कुमार जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुये।

Sagar Karkare

My Name is Sagar Karkare. I am the Editor of This Web Site,

Related Articles

Back to top button