Betul News: हरियाली अमावस्या पर होगा पौधारोपण, पौधारोपण के लिए नपा अध्यक्ष ने किया जगह का अवलोकन
Betul News: Saplings will be planted on Hariyali Amavasya, NAPA president inspected the place for plantation

Betul News: (बैतूल)। हरियाली अमावस्या के अवसर पर नगर पालिका द्वारा सुभाष वार्ड मोक्ष धाम में 250 फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। पूर्व योजना अनुसार नगर पालिका पूरे शहर में लगभग 2 हजार पौधे सुरक्षित स्थान पर पर्यावरण प्रेमी की समिति बनाकर लगाएगी। इसी कड़ी में रविवार के दिन सुबह 8:30 बजे सुभाष वार्ड मोक्ष धाम पर वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। रविवार को होने वाले पौधारोपण अभियान को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर ने सुभाष वार्ड स्थित मोक्षधाम पहुंचकर जगह का अवलोकन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष के साथ आनंद प्रजापति, पूर्व पार्षद सावन्या शेषकर एवं नगरपालिका के नीरज धुर्वे मोक्ष धाम में उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि हरियाली अमावस्या पर होने वाले पौधारोपण अभियान में सांसद दुर्गादास उइके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, जलप्रहरी एवं पर्यावरण विशेषज्ञ मोहन नागर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, जनभागीदारी समिति के सदस्य व पार्षद आनंद प्रजापति, समस्त पार्षद एवं पौधारोपण करने वाली नगर की समिति के सदस्य के साथ-साथ शहर के समाजसेवियों द्वारा पौधारोपण किया जाएगा। रोपित पौधों की देखरेख के लिए वार्ड के जागरूक पर्यावरण प्रेमियों की समिति बनाकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। नप अध्यक्ष ने शहर के पर्यावरण प्रेमियों से अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान दें।



