Betul Samachar : 66 वर्षीय किसान निकला पूरे भारत की यात्रा पर पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाने
Betul Samachar: 66 year old farmer set out on a journey across India to raise environmental awareness.
अमरनाथ से साइकिल से शुरू की यात्रा का समापन होगा कन्याकुमारी के रामसेतू में

Betul Samachar : (बैतूल)। पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाने के लिए साइकिल से पूरे भारत की यात्रा पर निकले 66 वर्षीय किसान सोमपाल सिंह हरदा से गुरुवार को बैतूल पहुंचे। मूलत: ग्राम भनेड़ा सहारनपुर उत्तर प्रदेश के निवासी सोमपाल सिंह ने बताया कि वे हर साल जुलाई माह तक अपने कृषि कार्यों से निवृत्त होकर अपने बचे हुए खाली समय में साइकिल से देश के विभिन्न जगहों में जाकर पर्यावरण तथा वृक्षारोपण हेतु जनजागरण अभियान में लग जाते हैं।
साइकिलिंग का उन्हें बचपन से ही शौक रहा है और आचार्य राजेन्द्र अटल से प्रेरणा पाक र साइकिल से हर साल देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाने के अभियान में लग जाते हैं। इसीके अंतर्गत वे 9 वर्षों मेें 9 बार वैष्णो देवी की दुर्गम यात्रा भी साइकिल से कर चुके हैं।
इस वर्ष उन्होंने बाबा अमरनाथजी के दर्शन के बाद पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाने का संकल्प लेकर गत 31 जुलाई 2023 को अपनी यात्रा प्रारंभ करते हुए दिल्ली में राष्ट्रपति भवन से होते हुए मथुरा, आगरा, देवास होकर बाबा ओंकारेश्वर धाम में दर्शन किए। आगामी 12-15 दिनों में वे कन्याकुमारी के पास राम सेतु के दर्शन कर अपनी यात्रा का समापन करेंगे।
बैतूल में पर्यावरण जागरुकता की अलख जगाने के लिए गुरूवार प्रात: 9 बजे सोमपाल सिंह रामनगर स्थित रेलवे के महारानी लक्ष्मीबाई गार्डन में वृक्षारोपण करने के लिए पहुंचे, इस दौरान भारत विकास परिषद के संयोजक राजीव खंडेलवाल, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक कौशलेष तिवारी, सचिव आशीष पचौरी, महिला प्रमुख सुश्री तूलिका पचौरी, समाजसेवी एसआर नागले, शैलेन्द्र बिहारिया, महेन्द्र मालवी, दीपाली पांडे, पिंकी भाटिया, अमरनाथ यात्री व समाजसवी काले बाबा, राष्ट्रीय पत्रकार कल्याण परिषद के महासचिव वरिष्ठ पत्रकार संजय द्विवेदी सहित रामनगरवासियों ने पुष्प गुच्छ, शाल श्रीफल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।



