Betul Samachar : कामन सिविल कोड सहित अन्य 22 मुद्दों को लेकर निकाली रैली
Betul Samachar: Rally held on 22 other issues including Common Civil Code
Betul Samachar : (बैतूल)। राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचएन रैकवाल के राष्ट्रव्यापी आव्हान पर भारत बंद रैली निकाली गई। इस दौरान सैकड़ों मूलनिवासी डॉ बाबासाहब अम्बेडकर चौक पर एकत्रित हुए। बैतूल में रैली एवं जनसभा का नेतृत्व बहुजन मुक्ति पार्टी लोकसभा प्रभारी पुष्पा मर्सकोले ने किया।
मणिपुर की अमानवीय घटना का आक्रोश जाहिर किया। सीधी जिले के पेशाब कांड की घोर निन्दा करते हुए कार्यवाहक जिला अध्यक्ष बहुजन मुक्ति पार्टी मनोज वानखेड़े ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपराधी पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्यवाही नही की गई तो भविष्य में उग्र आंदोलन होगा, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र व राज्य सरकार की होगी।
राष्ट्रीय मूलनिवासी क्षत्रिय महासंघ के जिला संयोजक राजपूत ने कहा कि बहन बेटियों की इज्जत को तार – तार करने वाली सरकार को हम सबक सिखाने कोई भी कीमत चुकाने तैयार है। राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिषद कार्यवाहक जिला अध्यक्ष मोहन उईके ने बताया कि जल जंगल जमीन से हमें जबरन बेदखल किया जा रहा है। मनावर हत्याकांड जैसी अनेक घटनाएं देश भर में हो रही है, हमें छेड़ने की कोशिश की तो हम छोड़ेंगे नहीं, उलगुलान सतत जारी रहेगा।
हम इस देश के मूलनिवासी है वनवासी नही है। हमारी संस्कृति, रहन सहन, खान पान, रीति रिवाज भिन्न है। हम पर जबरन कोई विदेशी संस्कृति थोपने की कोशिश मत करना।राष्ट्रीय अत्याचार निवारण शक्ति के जिला संयोजक अमृतलाल चौकीकर ने कहा कि संविधानिक अधिकारों को बचाने हमे जो भी कुर्बानी देना पड़े हम तैयार है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला संयोजक विनोद पवार ने कहा कि पिछड़ों की गिनती नही की जा रही है। अंग्रेज सरकार ने 1931 में गिनती की थी। आज ओबीसी का प्रधानमंत्री होने के बाद भी गिनती नहीं की जा रही है।
रैली में प्रमिला भूमरकर, शोभा पाटील, वंदना मासोदकर, मितेंद्र वटके, रुपेश जाऊरकर, शिवदास जाउरकर, मिथिलेश नंदिनी जाऊरकर, लखन उइके, श्याम चौरासे, रेवाराम सलामे, राजकुमार उइके, पिरथीलाल भूमरकर, अरविंद चौकीकर, सुखराम निरापुरे, गोपाल उईके, फूलचंद धुर्वे, कौशल परते, जगन दादा डूडरिया, बीएल मासोदकर, दुर्गासिह मर्सकोले, रामलाल इवने सहित अनेक संगठनों के लोग मौजूद थे। रैली डॉ अम्बेडकर चौक से रानी दुर्गावती, छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कलेक्टर कार्यालय, लल्ली चौक, बस स्टेंड, मुल्लाजी पेट्रोल पंप, पहलवान बाबा की मजार, जिला अस्पताल से कारगिल चौक से होते हुए अम्बेडकर चौक पर संपन्न हुई।




