Betul Samachar : भारत की रक्षा करेगा इंडिया गठबंधन
Betul Samachar: India alliance will protect India

Betul Samachar : (बैतूल)। पिछले महीने भारत की राजनीति में एक बड़ा बदलाव हुआ है। ये बदलाव इतना बड़ा है कि इसने भारत की राजनीति की दिशा ही बदल दी है। आजकल रोजमर्रा की राजनीति और मीडिया में जो कुछ हो रहा है वो असल में इस बदलाव की वजह से ही हो रहा है।
पिछले महीने 17 और 18 जुलाई को बेंगलुरु में कांग्रेस की अध्यक्षता में इंडिया नाम का नया गठबंधन बना है। इस गठबंधन में 26 राजनीतिक दल शामिल हुए, जिनमें कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना, राष्ट्रीय जनता दल और समाजवादी पार्टी प्रमुख हैं। राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद ये विपक्षी राजनीति की तरफ से भारत में लोकतंत्र को बचाने का दूसरा सबसे बड़ा कदम है।
याद कीजिए जब राहुल गांधी जी हज़ारों किलोमीटर की दूरी अपने मज़बूत इरादों और मज़बूत कदमों से नापने की तैयारी कर रहे थे। उस समय उनपर आरोप लग रहे थे कि ये यात्रा उनसे नहीं होगी। कई लोग कह रहे थे कि इस यात्रा से कुछ नहीं होने वाला और अगली बार भी बीजेपी ही पूर्ण बहुमत से आएगी। लेकिन जब यात्रा तमिलनाडु से चलकर जब कर्नाटक पहुंची तभी साफ नज़र आने लगा था कि ये कांग्रेस का एक मास्टर स्ट्रोक है। उसी मास्टर स्ट्रोक का नतीजा है ये इंडिया नाम का गठबंधन।
आज राहुल गांधी जी निर्विवाद रूप से देश के सबसे लोकप्रिय विपक्षी नेता है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन में अपने पिता और दादी की हत्या देखीं हैं। वे एक संवेदनशील और समझदार इंसान हैं। सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और देश का विकास उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताए हैं।
आजकल जो नफ़रत और हिंसा भारत में फैल रही है उसे खत्म करने के लिए ही उन्होंने भारत जोड़ो और ‘डरो मत’ का नारा दिया है। इस नये नज़रिए से प्रभावित होकर कई विपक्षी दल उनके साथ आये हैं। इस तरह इंडिया का गठन हुआ है। इंडिया गठबंधन एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत का संकेत है, यह एक ऐसा गठबंधन है जो भारत के सभी लोगों को एकजुट करने और देश को एक बेहतर भविष्य देने के लिए बनाया गया है।
इंडिया गठबंधन का गठन भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को हराने के लिए किया गया है। इंडिया गठबंधन का मानना है कि भाजपा देश को एक सांप्रदायिक और तानाशाह देश में बदल रही है और गरीबों और मध्यम वर्ग को नुकसान पहुंचा रही हैं।
भाजपा की नीतियां सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रही हैं और भारत की सत्य अहिंसा और सद्भाव की संस्कृति को नुकसान पहुँचा रहीं हैं। आजकल हर इंसान डरा हुआ है कि ना जाने कब उसके शहर में हिंदू मुस्लिम दंगा हो जाये या फिर गाय और गौरक्षा के नाम पर कब किसपर हमला हो जाये। इन सारी आशंकाओं और डरों को ख़त्म करने के लिए इंडिया का गठन किया गया है।
इस गठबंधन के निर्माण के बाद से अब तक जो बदलाव हुए हैं वे बड़े मज़ेदार हैं। अब अचानक से नागरिक समाज और सिविल सोसाइटी संगठनों में एक उत्साह आ गया है। पहले जो निराशा छाई हुई थी वो मिटने लगी है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नया जोश आ गया है। अब लगता है कि इस देश में नफरत हिंसा और गरीबों पर अत्याचार को रोका जा सकता है। मुझे इस गठबंधन से पूरी उम्मीद है और में घोषणा करना चाहता हूँ कि ये गठबंधन भारत की राजनीति को हमेशा के लिए बादल देगा।
डॉ.रमेश काकोड़िया (काकू भैया) बैतूल जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष



