Betul Crime News: दिनदहाड़े 20 लाख की नकबजनी का पर्दाफाश, दो अंतरजिला नकबजन गिरफ्तार
Betul Crime News: 20 lakh burglary busted in broad daylight, two inter-district burglars
Betul Crime News: बैतूल पुलिस ने आमला में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की नकबजनी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो शातिर अंतरजिला नकबजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी नरसिंहपुर एवं सिवनी जिले के निवासी हैं और विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी एवं लूट के कई मामलों में पहले से आरोपी रहे हैं।
Betul Crime News: घटना और मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को आमला के बोड़खी नाका निवासी दम्मूलाल सूर्यवंशी के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 5 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना आमला में अपराध क्रमांक 198/2026 दर्ज कर धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। बाद में आरोपियों की संगठित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई।
Betul Crime News: वैज्ञानिक जांच से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट, साइबर तकनीक एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा (जिला नरसिंहपुर) और सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर (जिला सिवनी) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर सोने का हार, रानीहार, चेन, मंगलसूत्र, कंगन, झुमके, चांदी के आभूषण, लक्ष्मीजी अंकित चांदी के सिक्के सहित करीब 18 से 20 लाख रुपये का मशरूका तथा चोरी में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई।
Betul Crime News: वारदात का तरीका और आपराधिक रिकॉर्ड
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही 15 से 20 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। दोनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश के कई जिलों में चोरी, नकबजनी, लूट एवं अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं।
Betul Crime News: पूछताछ जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों एवं अन्य जिलों में उनकी गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। यदि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपी या जिले में सक्रिय अन्य अपराधी सामने आते हैं तो उनके विरुद्ध भी शीघ्र वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच एवं पूछताछ में जुटी हुई है।
____________________________
इसी प्रकार की जानकारी और समाचार पाना चाहते हैं तो,हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़े व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए “कृपया यहां क्लिक” करे।
साथ ही हमारे इंस्टाग्राम के जुड़ने के लिए यहां “क्लिक करें“



