Betul Today News : किसान कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला
Betul Today News: Kisan Congress burnt the effigy of Chief Minister
बैतूल जिले के किसानों के साथ बिजली सप्लाई में भेदभाव करने का लगाया आरोप

Betul Today News : (बैतूल)। बिजली सप्लाई में बैतूल जिले के किसानों के साथ भेदभाव करने के विरोध में सोमवार को किसान कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। विरोध प्रदर्शन में सैकड़ो की संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। पुलिस पुतला दहन रोकने का प्रयास करती रही, लेकिन कांग्रेसी पुतला दहन करने में कामयाब हो गए। इस दौरान कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रमेश गायकवाड़ ने बताया कि कांग्रेस की मनमोहन सरकार में राजीव गाँधी विद्युतीकरण में करोड़ो रुपये से पावर हाउस, ग्रामीण शहरी फिटर का विस्तार हुआ था।
बीजेपी सरकार ने तब से अब तक बिजली पावर बढ़ाने का काम नही किया। बीजेपी की घोषणा के अनुसार आज तक एक भी दिन 8 घंटे बिजली किसानों को नहीं मिली, यह बैतूल जिले के किसानों के साथ धोखाधड़ी है। बीजेपी सरकार ने बिजली चोरी के फर्जी प्रकरण बनाकर लाखों किसानों से करोड़ो रुपये पेनाल्टी सहित वसूले तथा निर्दोष किसानों को जेल भेजा। विधानसभा चुनाव परिणाम के स्वार्थ को देखते हुए बिजली चोरी के प्रकरण बिना शर्त वापस लिये तब किसानों के द्वारा आत्महत्या भी की थी। 5 एच.पी. की मोटर पंप को 10 एच.पी. बताकर अधिक भार के बिजली बिल पेनाल्टी सहित वसूल लिये। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में अब बैतूल जिले के किसानों को रात में सिचाई के लिए बिजली देने का निर्णय लिया है जो कि बैतूल जिले के किसानों के साथ अन्याय है, अन्य पंसदीदा जिलों को दिन में बिजली मिल रही है। बैतूल जिले के किसानों के साथ भेद-भाव साफ दिखाई दे रहा है। बारिश नहीं होने से फसले सुख रही है।
50 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान हो चुका है। वर्ष 2022 में खरीफ फसल का फ़सल बीमा, फसल मुआवजा फसल सर्वे के बाद भी आज तक जिले के सभी किसानों को नहीं मिला, जो कि बैतूल जिले के किसानों के साथ छलावा है। किसान कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों को बिजली सप्लाई पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के 15 महीने के कार्याकाल के समयानुसार दी जाए। फसल का सर्वे कराकर फसल बीमा, मुआवजा 2022 खरीफ सहित देने की मांग की है। किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि किसानों की समस्या का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो किसान कांग्रेस द्वारा जिले सहित प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।



