Betul News : गोंडवाना पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मूलचंद नागले कांग्रेस में शामिल, 50 से अधिक समर्थकों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री के निवास पर ली सदस्यता, कहा- अब कांग्रेस के लिए करेंगे काम
Betul News : Gondwana Party State President Moolchand Nagle joined Congress, took membership at former Chief Minister's residence with more than 50 supporters, said- will now work for Congress
बोले पीसीसीसी चीफ : मूलचंद नागले हमारे संघर्ष के दिनों के साथी, हम सबका डीएनए एक है..
Betul News : (बैतूल)। प्रदेश में आने वाले वर्ष विधानसभा चुनाव होना है जिसकी तैयारी में प्रमुख दल भाजपा कांग्रेस जुटी हुई है, लेकिन चुनाव से पहले अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मूलचन्द नागले ने अपने 50 से अधिक समर्थकों के साथ काग्रेस में शामिल होकर बैतूल जिले की राजनीति में खलबली मचा दी है।
मूलचंद नागले के इस राजनीतिक कदम से जहां अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी को झटका लगा है वहीं भाजपा के कर्ताधर्ताओं को भी चिंता में डाल दिया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार 25 जुलाई को मूलचंद नागले ने अपने काफिले के साथ पूर्व मुख्यमंत्री के निज निवास श्यामला हिल्स भोपाल पहुंचकर औपचारिक रूप से अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
इस अवसर पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मूलचंद नागले को कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मूलचंद नागले हमारे संघर्ष के दिनों के साथी रहे हैं। हम सब का डीएनए एक ही है, हम सब संघर्ष के साथी है, हम एकजुट होकर काम करें तो अगली सरकार फिर कांग्रेस की बनेगी कांग्रेस में आये मूलचंद नागले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा एससीएसटी अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ की जा रही बर्बरता के विरोध में और कांग्रेस पार्टी की नीतियों का समर्थन करते हुए आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहा हूं।
पीसीसी चीफ ने कहा-नागले के आने से कांग्रेस को मिलेगी मजबूती
इस अवसर पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मूलचन्द नागले को पार्टी में शामिल होने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिये पार्टी मे इनकी भूमिका अहम होगी। उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों को पार्टी को मजबूत करने के लिये प्रेरित किया। इस अवसर पर जिले के विधायक एवं पूर्व मंत्री मप्र शासन सुखदेव पान्से, बैतूल ज़िला काग्रेंस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष हेमन्त वाग्रदे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्री पान्से ने बैतूल, बालाघाट से आये बौद्ध अम्बेडकरी समाज के अनेक पदाधिकारियों से कमलनाथ से परिचय कराया। कमलनाथ ने पार्टी में आने पर स्वागत किया। इस अवसर पर समाज के अग्रणी विक्रम पाटिल, कुशाबराव नागले, जीआर चौकीकर, किसना अतुलकर, रिटायर्ड एडीजे, मुन्नालाल चौरसिया, एसएल मडंलेकर, रामशंकर आवलेकर, रामदास पाटिल, रूपसिंह ठाकुर प्रमोद वामनकर, शिवपाल यादव, जनपद सदस्य संजू वाड़िवा, सन्जू वट्टी, कमलेश काकोड़िया, राजकुमार धुर्वे उपस्थित रहे।
भरोसे पर खरा उतरने का दिलाया विश्वास
कांग्रेस में शामिल होने के दौरान मूलचंद नागले ने कहा कि कई राजनीतिक पार्टियों के बहुत से बड़े नेता पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। अगर मध्य प्रदेश को बचाना है तो कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुंचाना होगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए भरोसे पर खरा उतरने का विश्वास दिलाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीसीसी चीफ कमलनाथ का आभार व्यक्त किया।
पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे की रही मुख्य भूमिका
अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका निभाने वाले मूलचंद नागले को कांग्रेस में दोबारा लाने में पूर्व मंत्री व मुलताई से विधायक सुखदेव पांसे व पूर्व एनएसयूआई के अध्यक्ष रहे व वर्तमान बैतूल ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे की रही जो नागले के सम्पर्क में लगातार रहे।
भाजपा सरकार में एससी/एसटी का भला नही हो सकता : नागले
नागले ने बताया कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अनुसूचित जाति जनजाति अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के साथ निरंतर अन्याय किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अनुसूचित जाति जनजाति का भला नहीं हो सकता। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी में रहकर मैं अपने समाज के लोगों की और अनुसूचित जनजाति के लोगों की मदद नहीं कर सकता था। इनके हक की लड़ाई नहीं लड़ सकता था इसलिए मैंने कांग्रेस का दामन थामा है। इस दौरान उन्होंने मणिपुर घटना पर भी नाराजगी व्यक्त की।



